
कोरबा। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गुरुवार को कोरबा शहर में यादव समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा एवं रैली निकाली गई। ‘जय यादव, जय माधव’ और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में समाज के हजारों लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता दर्ज कराई।
शोभायात्रा में यादव समाज की एकजुटता, सामाजिक शक्ति और भाईचारे की झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में समाज के लोग पैदल यात्रा में शामिल हुए। वहीं युवाओं ने बाइक रैली के माध्यम से अपनी ताकत और उत्साह का प्रदर्शन किया। सड़कों पर बाइकों की लंबी कतारें और पीछे चलता कारों का काफिला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में समाज के लोग शामिल हुए। जगह-जगह नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में कृष्ण भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल नजर आया।
पैदल श्रद्धालुओं की कतार, बाइक रैली और कारों के काफिले ने शोभायात्रा को भव्य स्वरूप दिया। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक समाज के सभी वर्गों की सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया।शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन भी मुस्तैद रहा, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
जन्माष्टमी के इस आयोजन ने कोरबा में यादव समाज की एकजुटता और सामाजिक भाईचारे का मजबूत संदेश दिया।



