
कोरबा। शासकीय पूर्व प्राथमिक विद्यालय, मदनपुर में नाबालिग विद्यार्थियों से विद्यालय का सामान उठवाने और मीडिया टीम के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले में प्रकाशित खबर का असर सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), कोरबा ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र (Show Cause Notice) जारी कर जवाब तलब किया है।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में छुट्टी के बाद बच्चों से वाहन में कॉपी-किताब और अन्य सामग्री लोड करवाने का वीडियो सामने आया था। कवरेज के दौरान मीडिया टीम ने पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड किया। आरोप है कि जब संबंधित शिक्षक से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और कवरेज में बाधा डालने की कोशिश की।

समाचार प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित शिक्षक से निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि बच्चों के अधिकारों, विद्यालयी अनुशासन और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रशासन अब लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। अब सभी की नजर संबंधित शिक्षक के जवाब और विभागीय जांच की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
