Home / अन्य / साक्षात्कार/प्रेरणा / गौवंश संरक्षण को लेकर दंडवत यात्रा, घुटनों के बल कलेक्टर कार्यालय पहुंचे गौभक्त

गौवंश संरक्षण को लेकर दंडवत यात्रा, घुटनों के बल कलेक्टर कार्यालय पहुंचे गौभक्त

कोरबा। सड़क पर घूम रहे निराश्रित गौवंश को सुरक्षित करने, सड़क दुर्घटनाओं में उनकी मौत रोकने तथा गौ तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को घंटाघर, कोरबा से कलेक्टर कार्यालय तक दंडवत यात्रा निकाली गई। आयोजक योगेश कुमार जायसवाल एवं सह-आयोजक गोविंद कुमार जायसवाल के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में गौवंश संरक्षण को लेकर विभिन्न मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गईं।

यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त कलेक्टर श्री कौशल तेंदुलकर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर एवं जिले की प्रमुख सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंश को सुरक्षित रूप से हटाकर गौशालाओं अथवा कांजी हाउस में रखने, सड़क पर गौवंश छोड़ने वाले पशु मालिकों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में नियमित निगरानी और रेस्क्यू व्यवस्था की मांग की गई।

इसके साथ ही गौ तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले में जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाने और रात के समय भी निगरानी बढ़ाने की मांग रखी गई। घायल एवं बीमार गौवंश के लिए तत्काल उपचार और गौशालाओं में चारा, पानी, स्वच्छता एवं पर्याप्त स्थान की व्यवस्था की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

संयुक्त कलेक्टर श्री कौशल तेंदुलकर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सड़कों पर घूम रहे गौवंश को हटाकर सुरक्षित व्यवस्था की जाएगी। गौ तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की जाएगी और रात में भी निगरानी बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि शासन स्तर पर गौ माता के संरक्षण के लिए योजनाएं लाई जा रही हैं, जिनके तहत भी आवश्यक कार्य किया जाएगा।

आयोजकों ने कहा कि दंडवत यात्रा का उद्देश्य गौवंश की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं में उनकी जान बचाने के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन में की गई मांगों पर शीघ्र अमल की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *