प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास छुरी में नशे में धुत्त रसोइए ने छठवीं कक्षा के छात्र पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना स्थानीय जनप्रतिनिधि व अभिभावकों में रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि
छात्रावास में पदस्थ रसोईया केसर दुबे शराब के नशे में धुत होकर पहुंचा। वहां निवासरत कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से हमला कर दिया। हमले में छात्र बाल-बाल बचा, पर उसकी आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट लग गई इस घटना से छात्रावास में हड़कंप मच गया। घटना के वक्त छात्रावास अधीक्षक छुट्टी पर थे, इसका फायदा उठाकर रसोईये ने इस वारदात को अंजाम दिया। जानकारी मिलने पर घायल छात्र के अभिभावक छात्रावास पहुंचे और पुष्पेंद्र को अपने घर ले गए। वहां से उपचार के लिए अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। जनप्रतिनिधियों और छात्रों ने कहा है कि छात्रावास में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। रसोइया की मनमानी लंबे समय से चल रही थी और अधीक्षक की. अनुपस्थिति में वह कई बार शराब के नशे में छात्रावास आ चुका है और वहां निवासरत विद्यार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार कर चुका है। उन्होंने सहायक आयुक्त से इस मामले में हस्तक्षेप कर छात्रावास की व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया है। जानकारी मिलने पर छात्रावास अधीक्षक ने इसकी शिकायत पुलिस में की। इस पर कटघोरा पुलिस ने आरोपित रसोईया केसर दुबे को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उसके विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। छुरी नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से रसोईये को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है।

