
कटघोरा/कोरबा। विकासखंड कटघोरा अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल पुरेनाखार में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संकुल के सात प्राथमिक, दो माध्यमिक एवं एक हाई स्कूल के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर, मिष्ठान खिलाकर तथा शासन द्वारा प्रदत्त नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तक एवं स्कूल ड्रेस वितरित कर आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमती झूलबाई कंवर रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जनपद सदस्य श्रीमती शारदा लता यादव, सरपंच श्रीमती रामेश्वरी मंझवार, विधायक प्रतिनिधि श्री बैशाखू यादव, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रसाद सिंह यादव एवं सरपंच प्रतिनिधि श्री अंशुकार मंझवार शामिल रहे।
विद्यालय के प्राचार्य श्री विनय कुमार सिंह सहित अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।संकुल समन्वयक श्री शिव कुमार साहू ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके सर्वांगीण विकास एवं बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए पालकों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों से समर्पित सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्यातागण, संकुल के समस्त प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में पालकगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल समन्वयक श्री शिवकुमार साहू, व्याख्याता श्रीमती कालिंद्री साहू एवं शिक्षिका श्रीमती अर्चना डोमणे ने किया।

