
कोरबा/रायपुर के सोमनाथ मंदिर के समीप शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कोरबा के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस हृदयविदारक घटना से जमनीपाली, प्रगति नगर समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।मृतकों की पहचान इंदिरा नगर, जमनीपाली निवासी आर्यन स्वामी और प्रगति नगर निवासी गज्जू यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रायपुर में काम करते थे और देर रात ड्यूक बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान सोमनाथ मंदिर के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया। परिजन शनिवार को रायपुर पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों युवकों के पार्थिव शरीर को कोरबा लाने की तैयारी की गई।
इस दुखद घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि आर्यन स्वामी अपने पीछे महज छह माह की एक मासूम बेटी छोड़ गए हैं। वह अपनी बेटी के बेहतर भविष्य के लिए घर से दूर मेहनत-मजदूरी कर रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। एक पल में मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।
वहीं, गज्जू यादव की असमय मौत ने भी परिवार, रिश्तेदारों और मोहल्लेवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्हें जानने वाले लोग उनके मिलनसार और मेहनती स्वभाव को याद कर नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
कल तक जो अपने परिवार के लिए सपने संजो रहे थे, आज वे सिर्फ यादों में रह गए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र को गम में डुबो दिया। 🕯️💐

