
कोरबा: उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैसमा बाजार चौक स्थित महामाया होटल में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर नकदी एवं अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना रात करीब 3:50 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह होटल संचालक जब प्रतिष्ठान पहुंचे तो होटल के भीतर सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की घटना का पता चला। चोर होटल में रखी नकदी समेत अन्य कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत एवं नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

