कोरबा: जिले के दीपका क्षेत्र अंतर्गत बांधाखार स्थित मारुति क्लीन कोल पावर प्लांट में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट के पावर ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके दहल उठे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन, सुरक्षा कर्मी और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।हादसे के चलते प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट पूरी तरह बंद हो गई, जिससे बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
