Home / अन्य / विशेष / जनदर्शन में कलेक्टर सख्तः शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनदर्शन में कलेक्टर सख्तः शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कोरबा, 06 अप्रैल 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं दूरस्थ अंचलों से बड़ी संख्या में आमजन अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं सीधे रखीं, जिस पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सभी आवेदनों को सुना।

कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनदर्शन में अवैध कब्जा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ, मनरेगा मजदूरी भुगतान में विलंब, आर्थिक सहायता की मांग, वनाधिकार पट्टा, भूमि सीमांकन, मानदेय भुगतान सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों की त्वरित जांच कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर उसका वास्तविक प्रभाव भी दिखाई दे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने तथा शिकायतों के निराकरण की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनदर्शन केवल औपचारिकता न बनकर जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बने, इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।कार्यक्रम के दौरान कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई। इससे जनदर्शन में पहुंचे लोगों को राहत की उम्मीद जगी और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टीआर भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं को सीधे कलेक्टर के समक्ष रखकर त्वरित निराकरण की उम्मीद जताई। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई के आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *