
कोरबा जिले की एसईसीएल कुसमुंडा खदान में लगातार हादसों का सिलसिला जारी है। 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी घटना सामने आई है, जहां नीलकंठ कंपनी का एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिर गया। इस हादसे में डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक की पहचान सोनपुरी निवासी भीम पटेल के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद खदान में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत कार्य शुरू करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे और चालक की हालत की जानकारी ली। इससे पहले मंगलवार सुबह इसी कुसमुंडा खदान क्षेत्र में नीलकंठ साकार जीवी कंपनी के दो डंपर डंप स्लाइड होने के कारण नीचे गिर गए थे, हालांकि उस घटना में दोनों चालक सुरक्षित बच गए थे।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर खदान कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि खदान में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है और केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिससे मजदूरों और चालकों की जान खतरे में पड़ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कर्मचारियों ने खदान प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

ड्राइवर और साथी बाल-बाल बचे

