📍 जांजगीर-चांपा (मुलमुला थाना क्षेत्र) के पौना गांव में शादी समारोह उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब परघनी के दौरान बारातियों और गांव के कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल को खोखरा गांव से पुनउराम यादव के यहां पौना गांव बरात आई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर गांव के युवकों और बारातियों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। हमले में दूल्हे के पिता भी नहीं बच सके और कई लोगों को चोटें आईं।
इस हिंसक झड़प में खोखरा गांव के 5 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, खरौद निवासी लोकेश यादव की आंख फूट गई, जिसे गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह लाठी-डंडों से बारातियों पर हमला किया जा रहा हैंl
फिलहाल मुलमुला थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
